श्री रामचरितमानस बालकाण्ड- मानस निर्माण की तिथि | Shri Ramcharitmanas Baal Kand-Maanas Nirmaan ki Tithi

Composition date of Shri Ramcharitmanas | Maanas Nirmaan ki Tithi | गोस्वामी तुलसीदास बालकाण्ड- मानस निर्माण की तिथि

॥ दोहा : ॥

कुपथ कुतरक कुचालि कलि कपट दंभ पाषंड ।
दहन राम गुन ग्राम जिमि इंधन अनल प्रचंड ॥ 32 (क) ॥

भावार्थ:- श्री राम जी के गुणों के समूह कुमार्ग, कुतर्क, कुचाल और कलियुग के कपट, दम्भ और पाखण्ड को जलाने के लिए वैसे ही हैं, जैसे ईंधन के लिए प्रचण्ड अग्नि ॥ 32 (क) ॥

रामचरित राकेस कर सरिस सुखद सब काहु ।
सज्जन कुमुद चकोर चित हित बिसेषि बड़ लाहु ॥ 32 (ख) ॥

भावार्थ:- रामचरित्र पूर्णिमा के चन्द्रमा की किरणों के समान सभी को सुख देने वाले हैं, परन्तु सज्जन रूपी कुमुदिनी और चकोर के चित्त के लिए तो विशेष हितकारी और महान लाभदायक हैं ॥ 32 (ख) ॥

॥ चौपाई : ॥

कीन्हि प्रस्न जेहि भाँति भवानी । जेहि बिधि संकर कहा बखानी ॥
सो सब हेतु कहब मैं गाई । कथा प्रबंध बिचित्र बनाई ॥ 1 ॥

भावार्थ:- जिस प्रकार श्री पार्वती जी ने श्री शिव जी से प्रश्न किया और जिस प्रकार से श्री शिव जी ने विस्तार से उसका उत्तर कहा, वह सब कारण मैं विचित्र कथा की रचना करके गाकर कहूँगा ॥ 1 ॥

जेहिं यह कथा सुनी नहिं होई । जनि आचरजु करै सुनि सोई ॥
कथा अलौकिक सुनहिं जे ग्यानी । नहिं आचरजु करहिं अस जानी ॥ 2 ॥
रामकथा कै मिति जग नाहीं । असि प्रतीति तिन्ह के मन माहीं ॥
नाना भाँति राम अवतारा । रामायन सत कोटि अपारा ॥ 3 ॥

भावार्थ:- जिसने यह कथा पहले न सुनी हो, वह इसे सुनकर आश्चर्य न करे । जो ज्ञानी इस विचित्र कथा को सुनते हैं, वे यह जानकर आश्चर्य नहीं करते कि संसार में रामकथा की कोई सीमा नहीं है (रामकथा अनंत है) । उनके मन में ऐसा विश्वास रहता है । नाना प्रकार से श्री रामचन्द्र जी के अवतार हुए हैं और सौ करोड़ तथा अपार रामायण हैं ॥ 2 -3 ॥

कलपभेद हरिचरित सुहाए । भाँति अनेक मुनीसन्ह गाए ॥
करिअ न संसय अस उर आनी । सुनिअ कथा सादर रति मानी ॥ 4 ॥

भावार्थ:- कल्पभेद के अनुसार श्री हरि के सुंदर चरित्रों को मुनीश्वरों ने अनेकों प्रकार से गया है । हृदय में ऐसा विचार कर संदेह न कीजिए और आदर सहित प्रेम से इस कथा को सुनिए ॥ 4 ॥

॥ दोहा : ॥

राम अनंत अनंत गुन अमित कथा बिस्तार ।
सुनि आचरजु न मानिहहिं जिन्ह कें बिमल बिचार ॥ 33 ॥

भावार्थ:- श्री रामचन्द्र जी अनन्त हैं, उनके गुण भी अनन्त हैं और उनकी कथाओं का विस्तार भी असीम है । अतएव जिनके विचार निर्मल हैं, वे इस कथा को सुनकर आश्चर्य नहीं मानेंगे ॥ 3 ॥

॥ चौपाई : ॥

एहि बिधि सब संसय करि दूरी । सिर धरि गुर पद पंकज धूरी ॥
पुनि सबही बिनवउँ कर जोरी । करत कथा जेहिं लाग न खोरी ॥ 1 ॥

भावार्थ:- इस प्रकार सब संदेहों को दूर करके और श्री गुरुजी के चरणकमलों की रज को सिर पर धारण करके मैं पुनः हाथ जोड़कर सबकी विनती करता हूँ, जिससे कथा की रचना में कोई दोष स्पर्श न करने पावे॥1॥

सादर सिवहि नाइ अब माथा । बरनउँ बिसद राम गुन गाथा ॥
संबत सोरह सै एकतीसा । करउँ कथा हरि पद धरि सीसा ॥ 2 ॥

भावार्थ:- अब मैं आदरपूर्वक श्री शिव जी को सिर नवाकर श्री रामचन्द्र जी के गुणों की निर्मल कथा कहता हूँ । श्री हरि के चरणों पर सिर रखकर संवत्‌ १६३१ (विक्रम सम्बत = ईस्वी सन + ५७) यानि १५७४ ईस्वी सन् में इस कथा का आरंभ करता हूँ ॥ 2 ॥

नौमी भौम बार मधुमासा । अवधपुरी यह चरित प्रकासा ॥
जेहि दिन राम जनम श्रुति गावहिं । तीरथ सकल जहाँ चलि आवहिं ॥ 3 ॥

भावार्थ:- चैत्र मास की नवमी तिथि मंगलवार को श्री अयोध्या में यह चरित्र प्रकाशित हुआ । जिस दिन श्री राम जी का जन्म होता है, वेद कहते हैं कि उस दिन सारे तीर्थ वहाँ (श्री अयोध्या में) चले आते हैं ॥ 3 ॥

असुर नाग खग नर मुनि देवा । आइ करहिं रघुनायक सेवा ॥
जन्म महोत्सव रचहिं सुजाना । करहिं राम कल कीरति गाना ॥ 4 ॥

भावार्थ:- असुर- नाग, पक्षी, मनुष्य, मुनि और देवता सब अयोध्या में आकर श्री रघुनाथ जी की सेवा करते हैं । बुद्धिमान लोग जन्म का महोत्सव मनाते हैं और श्री राम जी की सुंदर कीर्ति का गान करते हैं ॥ 4 ॥

॥ दोहा : ॥

मज्जहिं सज्जन बृंद बहु पावन सरजू नीर ।
जपहिं राम धरि ध्यान उर सुंदर स्याम सरीर ॥ 34 ॥

भावार्थ:- सज्जनों के बहुत से समूह उस दिन श्री सरयू जी के पवित्र जल में स्नान करते हैं और हृदय में सुंदर श्याम शरीर श्री रघुनाथ जी का ध्यान करके उनके नाम का जप करते हैं ॥ 34 ॥

॥ चौपाई : ॥

दरस परस मज्जन अरु पाना । हरइ पाप कह बेद पुराना ॥
नदी पुनीत अमित महिमा अति । कहि न सकइ सारदा बिमल मति ॥ 1 ॥

भावार्थ:- वेद-पुराण कहते हैं कि श्री सरयू जी का दर्शन, स्पर्श, स्नान और जलपान पापों को हरता है । यह नदी बड़ी ही पवित्र है, इसकी महिमा अनन्त है, जिसे विमल बुद्धि वाली सरस्वती जी भी नहीं कह सकतीं ॥ 1 ॥

राम धामदा पुरी सुहावनि । लोक समस्त बिदित अति पावनि ॥
चारि खानि जग जीव अपारा । अवध तजें तनु नहिं संसारा ॥ 2 ॥

भावार्थ:- यह शोभायमान अयोध्यापुरी श्री रामचन्द्र जी के परमधाम की देने वाली है, सब लोकों में प्रसिद्ध है और अत्यन्त पवित्र है । जगत में (अण्डज, स्वेदज, उद्भिज्ज और जरायुज) चार खानि (प्रकार) के अनन्त जीव हैं, इनमें से जो कोई भी अयोध्या में शरीर छोड़ते हैं, वे फिर संसार में नहीं आते (जन्म-मृत्यु के चक्कर से छूटकर भगवान के परमधाम में निवास करते हैं) ॥ 2 ॥

सब बिधि पुरी मनोहर जानी । सकल सिद्धिप्रद मंगल खानी ॥
बिमल कथा कर कीन्ह अरंभा । सुनत नसाहिं काम मद दंभा ॥ 3 ॥

भावार्थ:- इस अयोध्यापुरी को सब प्रकार से मनोहर, सब सिद्धियों की देने वाली और कल्याण की खान समझकर मैंने इस निर्मल कथा का आरंभ किया, जिसके सुनने से काम, मद और दम्भ नष्ट हो जाते हैं ॥ 3 ॥

रामचरितमानस एहि नामा । सुनत श्रवन पाइअ बिश्रामा ॥
मन करि बिषय अनल बन जरई । होई सुखी जौं एहिं सर परई ॥ 4 ॥

भावार्थ:- इसका नाम रामचरित मानस है, जिसके कानों से सुनते ही शांति मिलती है । मन रूपी हाथी विषय रूपी दावानल में जल रहा है, वह यदि इस रामचरित मानस रूपी सरोवर में आ पड़े तो सुखी हो जाए ॥ 4 ॥

रामचरितमानस मुनि भावन । बिरचेउ संभु सुहावन पावन ॥
त्रिबिध दोष दुख दारिद दावन । कलि कुचालि कुलि कलुष नसावन ॥ 5 ॥

भावार्थ:- यह रामचरित मानस मुनियों का प्रिय है, इस सुहावने और पवित्र मानस की शिव जी ने रचना की । यह तीनों प्रकार के दोषों, दुःखों और दरिद्रता को तथा कलियुग की कुचालों और सब पापों का नाश करने वाला है ॥ 5 ॥

रचि महेस निज मानस राखा । पाइ सुसमउ सिवा सन भाषा ॥
तातें रामचरितमानस बर । धरेउ नाम हियँ हेरि हरषि हर ॥ 6 ॥

भावार्थ:- श्री महादेव जी ने इसको रचकर अपने मन में रखा था और सुअवसर पाकर पार्वती जी से कहा । इसी से शिव जी ने इसको अपने हृदय में देखकर और प्रसन्न होकर इसका सुंदर ‘रामचरित मानस’ नाम रखा ॥ 6 ॥

कहउँ कथा सोइ सुखद सुहाई। सादर सुनहु सुजन मन लाई॥7॥

भावार्थ:- मैं उसी सुख देने वाली सुहावनी राम कथा को कहता हूँ, हे सज्जनों! आदरपूर्वक मन लगाकर इसे सुनिए ॥ 7 ॥

॥ दोहा : ॥

जस मानस जेहि बिधि भयउ जग प्रचार जेहि हेतु ।
अब सोइ कहउँ प्रसंग सब सुमिरि उमा बृषकेतु ॥ 35 ॥

भावार्थ:- यह रामचरित मानस जैसा है, जिस प्रकार बना है और जिस हेतु से जगत में इसका प्रचार हुआ, अब वही सब कथा मैं श्री उमा-महेश्वर का स्मरण करके कहता हूँ ॥ 35 ॥

॥ चौपाई : ॥

संभु प्रसाद सुमति हियँ हुलसी । रामचरितमानस कबि तुलसी ॥
करइ मनोहर मति अनुहारी । सुजन सुचित सुनि लेहु सुधारी ॥ 1 ॥

भावार्थ:- श्री शिव जी की कृपा से उसके हृदय में सुंदर बुद्धि का विकास हुआ, जिससे यह तुलसीदास श्री रामचरित मानस का कवि हुआ । अपनी बुद्धि के अनुसार तो वह इसे मनोहर ही बनाता है, किन्तु फिर भी हे सज्जनो! सुंदर चित्त से सुनकर इसे आप सुधार लीजिए ॥ 1 ॥

सुमति भूमि थल हृदय अगाधू । बेद पुरान उदधि घन साधू ॥
बरषहिं राम सुजस बर बारी । मधुर मनोहर मंगलकारी ॥ 2 ॥

भावार्थ:- सुंदर (सात्त्वकी) बुद्धि भूमि है, हृदय ही उसमें गहरा स्थान है, वेद-पुराण समुद्र हैं और साधु-संत मेघ हैं । वे (साधु रूपी मेघ) श्री राम जी के सुयश रूपी सुंदर, मधुर, मनोहर और मंगलकारी जल की वर्षा करते हैं ॥ 2 ॥

लीला सगुन जो कहहिं बखानी । सोइ स्वच्छता करइ मल हानी ॥
प्रेम भगति जो बरनि न जाई । सोइ मधुरता सुसीतलताई ॥ 3 ॥

भावार्थ:- सगुण लीला का जो विस्तार से वर्णन करते हैं, वही राम सुयश रूपी जल की निर्मलता है, जो मल का नाश करती है और जिस प्रेमाभक्ति का वर्णन नहीं किया जा सकता, वही इस जल की मधुरता और सुंदर शीतलता है ॥ 3 ॥

सो जल सुकृत सालि हित होई । राम भगत जन जीवन सोई ॥
मेधा महि गत सो जल पावन । सकिलि श्रवन मग चलेउ सुहावन ॥ 4 ॥
भरेउ सुमानस सुथल थिराना । सुखद सीत रुचि चारु चिराना ॥ 5 ॥

भावार्थ:- वह (राम सुयश रूपी) जल सत्कर्म रूपी धान के लिए हितकर है और श्री राम जी के भक्तों का तो जीवन ही है । वह पवित्र जल बुद्धि रूपी पृथ्वी पर गिरा और सिमटकर सुहावने कान रूपी मार्ग से चला और मानस (हृदय) रूपी श्रेष्ठ स्थान में भरकर वहीं स्थिर हो गया । वही पुराना होकर सुंदर, रुचिकर, शीतल और सुखदाई हो गया ॥ 4 -5 ॥

सुठि सुंदर संबाद बर बिरचे बुद्धि बिचारि ।
तेइ एहि पावन सुभग सर घाट मनोहर चारि ॥ 36 ॥

भावार्थ:- इस कथा में बुद्धि से विचारकर जो चार अत्यन्त सुंदर और उत्तम संवाद (भुशुण्डि- गरुड़, शिव- पार्वती, याज्ञवल्क्य- भरद्वाज और तुलसीदास और संत) रचे हैं, वही इस पवित्र और सुंदर सरोवर के चार मनोहर घाट हैं ॥ 36 ॥


परानाम

धन्यवाद !


Follow Me On:-
instagram
facebook

इन्हें भी पढ़े !

Leave a Comment